Ranchi : आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता और झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने राज्य सरकार पर पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सहिस की सुरक्षा में की जा रही अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रभाकर ने कहा कि पूर्व मंत्री के इकलौते बॉडीगार्ड को हटा दिया गया है, जबकि सत्ता पक्ष के छोटे नेताओं को भी सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा, “रामचंद्र सहिस की सुरक्षा अविलंब बहाल हो। राज्य सरकार का यह रवैया पक्षपातपूर्ण और चिंताजनक है।”
सुदेश महतो के आवास को लेकर भी उठाए सवाल
प्रवीण प्रभाकर ने सत्तारूढ़ दल पर पूर्व में आजसू प्रमुख सुदेश महतो के आवास को खाली कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन को आजीवन आवास आवंटित किया था, लेकिन आजसू नेताओं के साथ यह भेदभाव क्यों?
पूर्णिया कांड पर कांग्रेस को घेरा
प्रभाकर ने बिहार के पूर्णिया में आदिवासी परिवार के पांच लोगों को जिंदा जलाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लेकिन साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस इस घटना का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस के नेताओं को झारखंड की चिंता छोड़ बिहार चुनाव पर ध्यान देना चाहिए।”
ओबीसी अधिकार और डायन प्रथा पर बोले
आजसू नेता ने कहा कि राज्य सरकार ओबीसी समुदाय को उनका हक देने में असफल रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने पिछड़ा आयोग का अध्यक्ष आजसू के दबाव के बाद नियुक्त किया और ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया शुरू की।
डायन प्रथा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले 3 वर्षों में केवल खूंटी जिले में 650 से अधिक महिलाएं प्रताड़ित हुई हैं। उन्होंने खूंटी, गुमला, लोहरदगा, दुमका और पूर्वी सिंहभूम जिलों में इस कुप्रथा पर लगाम लगाने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
दर्जनों युवाओं ने आजसू की सदस्यता ली
केंद्रीय कार्यालय में आयोजित आजसू मिलन समारोह में दर्जनों छात्रों और युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में प्रवीण प्रभाकर ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा, “राज्य के नौजवानों का आजसू की ओर रुझान बढ़ रहा है, क्योंकि वे राज्य सरकार की नाकामी से निराश हैं।”
कार्यक्रम में शामिल हुए प्रमुख युवा
गौरव सिंह के नेतृत्व में जिन प्रमुख युवाओं ने पार्टी का दामन थामा उनमें सुशांत सिंह, प्रिंस सिंह, शाहिद अंसारी, उज्ज्वल उरांव, पीयूष यादव, तरुण, सुधांशु शाही, निर्भय शाही, प्रणव शर्मा, लाल अर्पित नाथ शाहदेव और अन्य शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन
कार्यक्रम की अध्यक्षता आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने की और संचालन ऋतुराज शाहदेव ने किया। इस अवसर पर राजेश सिंह, रोशन नायक, अमन साहू, हिमांशु सिंह, सुरदीप तिग्गा, राज दुबे और विकास महतो भी उपस्थित रहे।












