झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है. राजधानी रांची समेत कई जिलों में बीते दिन तेज बारिश और गरज-चमक ने मौसम को सुहाना बना दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली. देवघर, गिरिडीह, खूंटी, जमशेदपुर और रामगढ़ जैसे जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई.
मौसम विभाग की ओर से देवघर और गिरिडीह में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रांची, जमशेदपुर, धनबाद सहित अन्य कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है. मौसम में यह बदलाव अगले 4 से 5 दिनों तक जारी रहने की संभावना है.
देवघर और गिरिडीह की स्थिति ज्यादा गंभीर बनी हुई है. मंगलवार दोपहर 3:20 बजे इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया. यहां 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. आज भी इन इलाकों में तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में येलो अलर्ट, जबकि अन्य हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है.
राज्यभर में 19 से 22 मई तक जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है. इसके लिए ब्लू अलर्ट जारी किया गया है. खास बात यह है कि हर दिन दोपहर 2 बजे के बाद मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.












