रांची: दुर्गापूजा के बाद सोमवार (26 अक्टूबर) को रांची समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। इस दौरान ओरमांझी के 90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश कुमार महतो को इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।
जनता दरबार में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद, पंजी-2 में सुधार, पेंशन भुगतान और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
90 प्रतिशत दिव्यांग कुलवंश को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल
ओरमांझी प्रखंड के बारीडीह निवासी कुलवंश कुमार महतो को जनता दरबार में उपायुक्त ने इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल सौंपी। इससे उन्हें दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ट्राईसाइकिल मिलने पर कुलवंश ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने यूट्यूब पर उपायुक्त द्वारा लोगों की मदद किए जाने के बारे में देखा था। इसी उम्मीद से वह जनता दरबार पहुंचे थे और उनका काम हो गया। उन्होंने सहायता के लिए जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताया।
राजस्व कर्मचारियों ने उठाई साथी की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
जनता दरबार में विभिन्न अंचलों के राजस्व कर्मचारियों ने अरगोड़ा अंचल के कर्मचारी स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण मुंडा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
उपायुक्त ने कर्मचारियों को बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द खुलासे की उम्मीद है। उन्होंने मृतक कर्मचारी के आश्रितों को नियमानुसार सभी सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में गड़बड़ी की शिकायत
जनता दरबार में आंगनबाड़ी सेविकाओं के चयन में अनियमितता की शिकायत भी सामने आई। उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को मामले की निष्पक्ष जांच करने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पेंशन लाभुकों के खाते में जल्द पहुंचेगी राशि
वृद्धा पेंशन का भुगतान लंबित रहने की शिकायत पर उपायुक्त ने बताया कि केंद्र सरकार से पेंशन की राशि प्राप्त हो चुकी है। जल्द ही पात्र लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को पेंशन संबंधी मामलों में आवश्यक समन्वय बनाकर भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जमीन से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश
जनता दरबार में दाखिल-खारिज, जमीन पर अवैध कब्जा, ऑनलाइन लगान रसीद और पंजी-2 में सुधार से संबंधित आवेदन भी मिले।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों के साथ राजस्व मामलों का भी समय पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला प्रशासन ने लोगों की शिकायतों के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 (अबुआ साथी) भी जारी किया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








