Ranchi: भू-राजस्व से जुड़े मामलों में लापरवाही और गड़बड़ी पर Ranchi प्रशासन सख्त हो गया है। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने समीक्षा बैठक में साफ चेतावनी दी कि जमीन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कांके में राजस्व कर्मचारी सस्पेंड
बैठक के दौरान कांके अंचल में अवैध बाउंड्री वॉल निर्माण के मामले में संलिप्तता पाए जाने पर एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित करने का आदेश दिया गया। DC ने कहा कि नियमों के खिलाफ काम करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है।
लंबित म्यूटेशन मामलों पर फटकार, अनगड़ा में शोकॉज
समीक्षा के दौरान विभिन्न अंचलों में लंबित दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामलों पर नाराजगी जताई गई। अनगड़ा अंचल में 90 दिनों से ज्यादा लंबित आवेदनों पर संबंधित कर्मचारी को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
10 डिसमिल से कम जमीन के मामलों को प्राथमिकता
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 10 डिसमिल से कम जमीन के म्यूटेशन मामलों का युद्ध स्तर पर निष्पादन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता दरबार में ऐसे लंबित मामले आने पर जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई होगी।
रिजेक्ट म्यूटेशन केस की होगी जांच
DC ने प्रत्येक अंचल से 10-10 रिजेक्ट म्यूटेशन मामलों का रैंडम चयन कर समीक्षा करने का आदेश दिया। गलत तरीके से आवेदन खारिज पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर आरोप पत्र गठित किया जाएगा।
पंजी-2 सुधार रिपोर्ट 2 महीने में अनिवार्य
सभी अंचल अधिकारियों को पिछले दो महीने में पंजी-2 में हुए सुधार की रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया। शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
भूमाफिया से सांठगांठ पर सख्त चेतावनी
DC मंजूनाथ भजन्त्री ने साफ कहा कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी भूमाफिया से सांठगांठ में पाया गया तो सीधे कार्रवाई होगी। सभी अंचल अधिकारियों को अपने कर्मचारियों पर नियंत्रण रखने का निर्देश दिया गया।
तकनीकी कारणों से लंबित मामलों पर तत्काल सूचना दें
तकनीकी कारणों से लंबित मामलों को लेकर DC ने कहा कि ऐसी स्थिति में समय पर सूचना दें ताकि जल्द समाधान किया जा सके।
अन्य राजस्व कार्यों में तेजी के निर्देश
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हितीकरण, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान और आपदा राहत से जुड़े कार्यों को भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।











