Ranchi: जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आज रांची स्थित कांग्रेस भवन में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार की अध्यक्षता झारखंड सरकार के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की। उन्होंने मौके पर ही आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने जानकारी दी कि जनता दरबार में कुल 97 फरियादी पहुंचे। इनमें स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, रोजगार, राशन कार्ड, स्थानांतरण, आपदा राहत, और जमीन विवाद जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
प्रमुख समस्याओं का विवरण:
- स्वास्थ्य केंद्र निर्माण: 5 मामले
- खाद्य आपूर्ति विभाग: 12 मामले
- इलाज से जुड़ी समस्याएं: 13
- रोजगार से संबंधित: 7
- आपदा प्रबंधन: 8
- राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें: 13
- स्थानांतरण की मांग: 7
- जमीन विवाद: 22 मामले
- अन्य विभागीय शिकायतें भी शामिल
डॉ. इरफान अंसारी ने कई मामलों में सीधे अधिकारियों से बात कर कार्रवाई के निर्देश दिए और लंबित मामलों में तेजी लाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि “लगभग 90% समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया गया है, शेष मामलों में तकनीकी कारणों से प्रक्रिया जारी है।”
राज्यव्यापी सहभागिता:
जनता दरबार में रांची, गुमला, धनबाद, पलामू, चतरा, गिरिडीह, हजारीबाग, खूंटी सहित कई जिलों से लोग पहुंचे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता विनय सिन्हा दीपू, राजेश सिन्हा सन्नी, राजन वर्मा, जगदीश साहू, नरेंद्र लाल गोपी और राजीव चौधरी चिंटू सहित कई नेता भी मौजूद रहे।
डॉ. अंसारी का बीजेपी पर निशाना:
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा, “भाजपा ने पूरे सिस्टम को बर्बाद किया है, लेकिन हम जनता के लिए समर्पित हैं।” उन्होंने कहा कि रिम्स टू जैसे परियोजनाओं का भाजपा द्वारा विरोध करना झारखंड के युवाओं के रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर कुठाराघात है।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि, “जनता दरबार से जनता के साथ-साथ संगठन को भी ऊर्जा मिल रही है। यह एक अच्छी पहल है जिसे समय-समय पर दोहराया जाएगा।”








