Ranchi: राजधानी रांची के मंदिरों को निशाना बनाकर हो रही चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रातू थाना क्षेत्र के बिजुलिया स्थित महादेव टंगरा धाम मंदिर का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर से दानपेटी चोरी कर ली। पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज में दो चोर साफ नजर आ रहे हैं, जिन्होंने अपने चेहरों को कपड़े से ढंक रखा था। रात के अंधेरे में मंदिर में दाखिल होकर उन्होंने दानपेटी को उठाया और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रांची में मंदिरों में बढ़ रही हैं चोरी की घटनाएं
यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते छह महीनों में रांची समेत झारखंड के विभिन्न मंदिरों में चोरी की कई वारदातें सामने आई हैं:
- जनवरी 2025: एटीआई मोड़ स्थित हनुमान मंदिर में ताले तोड़कर दानपेटी और पूजा सामग्री की चोरी।
- जनवरी 2025: देवघर के जसीडीह स्थित पागल बाबा आश्रम मंदिर से चोरों ने चांदी की मूर्तियां, मुकुट और ₹1 लाख नकद चुरा लिया।
- मार्च 2025: सुखदेवनगर क्षेत्र के त्रिशक्ति मंदिर में 15 हजार नकद और पूजा-पात्र चोरी।
- हाल ही में: चुटिया के त्रिलोकीनाथ महादेव मंदिर से भी दानपेटी चोरी की घटना दर्ज की गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर प्रबंध समितियों की ओर से कई बार पुलिस गश्ती बढ़ाने और CCTV निगरानी मजबूत करने की मांग की गई है।
हालांकि कुछ मंदिरों ने निजी स्तर पर सुरक्षा के प्रयास तेज किए हैं, लेकिन प्रशासनिक सहयोग की कमी के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है।
रांची के मंदिरों में हो रही लगातार चोरियों से लोगों में भय और आक्रोश दोनों है। पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द इस पर ठोस कार्रवाई करनी होगी ताकि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे।
https://x.com/Khabarmantlive/status/1953019722846384413












