रांची: झारखंड निकाय चुनाव 2026 के मतदान दिवस पर राजधानी रांची में लोकतांत्रिक उत्सव का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मतदाता बूथों पर पहुंच रहे हैं। रांची नगर निगम क्षेत्र में सुबह के आंकड़ों के अनुसार 9.17 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
राज्यपाल ने किया मतदान, मतदाताओं से की अपील
Santosh Kumar Gangwar ने अति सभागार पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है और सभी मतदाताओं को अपने मत का प्रयोग कर शहर के बेहतर विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों से अपील की, जिन्होंने अभी तक मतदान नहीं किया है, वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी बूथ पर पहुंचें।
बूथों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
रांची के गुरुनानक स्कूल परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र का कोतवाली डीएसपी और हेडक्वार्टर डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
Read More: सुबह 9 बजे तक कई शहरों में सुस्त मतदान, जानें किस नगर निकाय में कितना प्रतिशत वोटिंग
वहीं रांची की एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) बी. राजेश्वरी ने मतदान कर कहा कि शहर में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से मतदान जारी है। उन्होंने बताया कि जनता में उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
मतदान दिवस पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस अधीक्षक (यातायात) और अनुमंडल पदाधिकारी रांची ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
- संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
- मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी
- पुलिस उपाधीक्षक और थाना प्रभारी की सक्रिय मौजूदगी
प्रशासन का दावा है कि अब तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संचालित हो रही है।
दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।












