रांची: राजधानी Ranchi के पंडरा क्षेत्र में वर्षों से अस्थायी रूप से कारोबार कर रहे स्ट्रीट वेंडर्स को जल्द स्थायी और व्यवस्थित स्थान मिलने की दिशा में पहल तेज हो गई है। रविवार को रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और महापौर रोशनी खलखो ने संयुक्त रूप से पंडरा थाना के सामने स्थित खाली सरकारी भूमि और पंडरा पुल के आगे दाहिनी ओर मौजूद खाली स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने की संभावनाओं का आकलन करना था, ताकि छोटे दुकानदारों को सम्मानजनक और स्थायी रोजगार का स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
OTC मैदान से पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक लगती हैं सैकड़ों दुकानें
OTC मैदान से लेकर पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स प्रतिदिन सड़क किनारे दुकान लगाकर अपनी आजीविका चलाते हैं। हालांकि, स्थायी स्थान नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार हटाने की कार्रवाई, अव्यवस्थित व्यवस्था और अन्य कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
बताया गया कि रांची नगर निगम परिषद की हालिया बैठक में भी सांसद संजय सेठ ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का सुझाव दिया था।
दैनिक श्रमिकों के लिए भी बनेंगे शेड और शौचालय
प्रस्तावित योजना के तहत केवल वेंडिंग जोन ही नहीं, बल्कि दैनिक मजदूरों की सुविधा को भी ध्यान में रखा गया है। योजना के अनुसार यहां श्रमिकों के लिए शेड और स्वच्छ शौचालय का निर्माण कराने का भी प्रस्ताव है। इससे छोटे व्यवसायियों और दैनिक श्रमिकों दोनों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान वार्ड 32 के पार्षद संजय कुमार, वार्ड 33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो, वार्ड 34 के पार्षद अजीत कच्छप सहित अशोक मुंडा, सुबेश पांडेय, देवन होंडा, सुशील कुमार और मनोज चौधरी भी उपस्थित रहे।
यदि प्रस्तावित योजना को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो पंडरा क्षेत्र के सैकड़ों स्ट्रीट वेंडर्स को लंबे समय से चली आ रही स्थायी स्थान की समस्या से राहत मिल सकती है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









