रांची: झारखंड की राजधानी Ranchi में 15 मार्च को पहली बार विशाल क्षत्रिय समागम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन क्षत्रिय गौरव एकता मंच की ओर से एचईसी स्थित पुराना विधानसभा मैदान में किया जाएगा। इस समागम में झारखंड के विभिन्न जिलों और गांवों से हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
समागम के मुख्य अतिथि राजस्थान के विधायक रविंद्र सिंह भाटी होंगे। इसके अलावा झारखंड के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
35 से 40 हजार लोगों के जुटने का दावा
पूर्व एमएलसी और क्षत्रिय गौरव एकता मंच के प्रदेश संयोजक प्रवीण सिंह ने हरमू में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि समागम को लेकर पूरे झारखंड में व्यापक तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि 15 मार्च को 35 से 40 हजार लोगों के रांची पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि समागम की सफलता के लिए वे स्वयं लगभग सभी जिलों का दौरा कर चुके हैं और समाज के लोगों में इसे लेकर काफी उत्साह है।
एकजुटता, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण पर होगी चर्चा
प्रवीण सिंह ने कहा कि समागम का मुख्य उद्देश्य क्षत्रिय समाज की एकजुटता को मजबूत करना है। कार्यक्रम में समाज की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति पर गहन चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि समाज के सामने कई चुनौतियां हैं और जब तक एकजुटता नहीं होगी, समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और विरासत की जानकारी देना भी इस समागम का प्रमुख उद्देश्य है।
गरीब बेटियों की शादी और शिक्षा पर विशेष फोकस
समागम में गरीब बेटियों की शादी और उनकी शिक्षा को लेकर विशेष चर्चा की जाएगी। समाज किस प्रकार सहयोग कर सकता है और किन योजनाओं की जरूरत है, इस पर विचार-विमर्श होगा।
साथ ही समाज की संपत्ति और विरासत के संरक्षण के मुद्दे पर भी चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
27 मार्च को प्रेस क्लब में बैठक
समागम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 27 मार्च को दिन के ढाई बजे से प्रेस क्लब में एक बैठक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









