Dhanbad: विधायक संजीव सिंह के करीबी रंजय सिंह उर्फ रवि रंजन सिंह हत्याकांड की सुनवाई गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश डी.सी. अवस्थी की अदालत में हुई। इस दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता आयुष श्रीवास्तव और सिद्धार्थ शर्मा ने अदालत से पोस्टमार्टम के दौरान की गई वीडियोग्राफी की सीडी की कॉपी उपलब्ध कराने की मांग की। अदालत ने अभियोजन पक्ष को इस पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
सुनवाई के दौरान मुख्य आरोपी नंद कुमार सिंह उर्फ बबलू, उर्फ रूना, उर्फ मामा को रांची के होटवार जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। मामा 8 अगस्त 2018 से जेल में बंद हैं। सरायढेला थाना प्रभारी निरंजन तिवारी ने 5 नवंबर 2018 को उन्हें शूटर बताते हुए उनके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। वहीं, अन्य आरोपियों चंदन शर्मा और हरेन्द्र सिंह के खिलाफ अभी जांच जारी है।
इस केस में जमानत पर बाहर चल रहे आरोपी हर्ष सिंह अदालत में हाजिर नहीं हुए।
गौरतलब है कि 29 जनवरी 2017 की शाम करीब 5:30 बजे रंजय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात बिग बाजार के सामने चाणक्य नगर मोड़ के पास रामेश्वर तिवारी के घर के समीप हुई थी, जिसने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी।












