Ranchi: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, वाल्मीकि नगर द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर एक विशेष युवा कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम PHED कॉलोनी स्थित RTC हाई स्कूल (JAC बोर्ड) के परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के युवाओं और विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए वाल्मीकि नगर (बरियातू क्षेत्र) के सह नगर संघचालक श्री अभिनव शाह ने कहा कि समाज और राष्ट्र में किसी भी बड़े और सकारात्मक बदलाव की शुरुआत हमेशा खुद से होती है। उन्होंने जोर देकर कहा, “बड़े बदलाव के लिए हमें स्वयं से प्रारंभ करना होगा।”
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन
अपने ओजस्वी उद्बोधन में अभिनव शाह ने युवाओं को राष्ट्र के प्रति उनके नागरिक कर्तव्यों का बोध कराया। उन्होंने वर्तमान समय में ‘स्व’ आधारित जीवन (स्वदेशी, स्वावलंबन और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव) की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जब तक प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग नहीं होगा और अपने जीवन को ‘स्व’ के गौरव से नहीं जोड़ेगा, तब तक परम वैभवशाली राष्ट्र की कल्पना अधूरी है। संघ शताब्दी वर्ष के माध्यम से समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं को इस विचार दर्शन से जोड़ने का संकल्प लिया गया है।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन और संयोजन में आयोजक मंडल के रूप में संघ के सह नगर कार्यवाह मनीष रितेश कुमार, आदर्श कुमार एवं कृष्ण कुमार की प्रमुख भूमिका रही। इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षकगण और युवा प्रतिभागियों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के संकल्प और सुमधुर वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









