Jharkhand Weather News: झारखंड में राज्यवासियों का इन दिनों भीषण शीतलहर से हाल-बेहाल है। ठंड का प्रकोप इतना ज्यादा है कि ओस की बूंदें भी जमकर बर्फ में बदल जा रही हैं। राज्य के कई हिस्से में दिनभर घना कोहरा और धुंध की चपेट में है, जबकि कड़ी धूप भी लोगों को ठंड से राहत नहीं पहुंचा पा रही है। ठंडी बर्फीली हवाओं के वजह से धूप में बैठना तक मुश्किल हो गया है।
कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद कर हीटर और अलाव का सहारा लेने को विवश हैं। सुबह-शाम ही नहीं, बल्कि दोपहर में भी कंपकंपी से जनजीवन प्रभावित है। यह हालात पूरे झारखंड में देखने को मिल रहे हैं।
Jharkhand Weather: मकर संक्रांति तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने बताया कि, झारखंड में मकर संक्रांति तक ठंड से कोई राहत नहीं मिलने की उम्मीद है। राज्य में न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जबकि आने वाले दिनों में इसमें 2 डिग्री तक और गिरावट की संभावना जताई गई है। हिमालयी इलाकों में बर्फबारी के कारण झारखंड में ठंडी और नम हवाएं प्रवेश कर रही हैं।
बीते दिनों में खूंटी रहा सबसे ठंडा जिला
झारखंड के सभी जिलों में से खूंटी जिले में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, मुरहू इलाके में अहले सुबह घास, छतों और वाहनों पर बर्फ की हल्की परत नजर आई। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंड और नमी का असर बना रहा।
Jharkhand Weather: राज्य के सारे जिलों में शीतलहर का असर
राजधानी रांची, गुमला, लोहरदगा, लातेहार समेत लगभग सभी जिलों में सुबह, दोपहर और शाम शीतलहर का असर बना हुआ है । ठंड का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। रांची के रिम्स अस्पताल में ठंड से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।












