Ranchi News: झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक प्रमुख राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम का विषय था “संवैधानिक चुनौतियां: परिप्रेक्ष्य और मार्ग”, जिसमें देश भर के वरिष्ठ वकीलों, संवैधानिक विशेषज्ञों और राजनीतिक नेताओं ने भाग लिया.
कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी ने किया उद्घाटन
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का उद्घाटन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में संविधान पर हो रहे कथित हमलों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गिरती साख पर मंथन करना था.
शिल्पी नेहा तिर्की ने जताई गंभीर चिंता
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने वक्तव्य में कहा कि बिहार जैसे राज्य में SIR (Suspicious Electoral Registration) के नाम पर 65 लाख मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित कर दिया गया है, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार SIR जैसे तंत्रों का दुरुपयोग कर जनता के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर कर रही है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग की निष्क्रियता और कमजोर होती भूमिका लोकतंत्र को और अधिक खतरे में डाल रही है.
लोकतंत्र की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता
मंत्री तिर्की ने कहा, “जब देश की संवैधानिक संस्थाएं कमजोर पड़ती हैं, तो लोकतंत्र धूमिल होता है.” उन्होंने सभी दलों और नागरिक समाज से संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए एकजुट होने की अपील की.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से हुई मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान मंत्री तिर्की ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया. उन्होंने झारखंड के राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की और कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी.













