Gopal khemka murder case update: गोपाल खेमका की हत्या का मामला गहराता जा रहा है और इसके पीछे कारोबारी विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है. इस हत्याकांड की साजिश बिल्डर अशोक साह ने रची थी, जिन्होंने शूटर उमेश को सुपारी देकर खेमका को खत्म करने की योजना बनाई.
विजय नाम से रह रहा था दिल्ली में
4 जुलाई को उमेश ने खेमका को उनके घर के गेट पर गोली मारी. हत्या के बदले उमेश को एक लाख रुपए एडवांस दिए गए थे. इसके बाद वह दिल्ली में “विजय” के नाम से रह रहा था. पुलिस ने 8 जुलाई को उमेश को पटना सिटी के मालसलामी इलाके से उस समय गिरफ्तार किया जब वह अपने बच्चे को स्कूल लेने गया था. उसके पास से हत्या में प्रयोग की गई बाइक, एक पिस्टल, 80 कारतूस, दो मोबाइल और एक लाख कैश जब्त किया गया. उमेश की निशानदेही पर पुलिस ने उदयगिरी अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 601 से अशोक साह को गिरफ्तार किया, जहाँ कभी कुख्यात अशोक सम्राट और रत्नेश्वर साह का भी आना-जाना रहा था.
गंगा किनारे से हथियार हुआ बरामद
इसके आगे, जब पुलिस उमेश की निशानदेही पर गन सप्लायर विकास की तलाश में मालसलामी इलाके पहुंची, तब विकास ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने विकास को ढेर कर दिया. इस एनकाउंटर ने मामले को और सनसनीखेज बना दिया है. गंगा किनारे के इलाके से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए हैं. साथ ही, पटना जंक्शन से एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है, जिसका संबंध इस हत्या से होने की आशंका जताई जा रही है.












