टाटानगर पोस्ट ऑफिस परिसर में ड्यूटी के दौरान खुलेआम शराब पीने की घटना पर डाक विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की है. विभाग ने तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि एक अन्य को ड्यूटी से हटा दिया गया है. यह कदम तब उठाया गया जब मामला मीडिया के माध्यम से केंद्रीय संचार मंत्रालय के संज्ञान में आया.
जांच में आरोप सही पाए गए
वरिष्ठ डाक अधीक्षक परमानंद कुमार के निर्देश पर एएसपी (वेस्ट) परीक्षित सेठ द्वारा मामले की जांच की गई. जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एलएसजी डाक सहायक नितेश कुमार, ओवरसियर अमित कुमार ठाकुर और नाइट गार्ड जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया. साथ ही, जीडीएस बीपीएम सूरज कुमार साहू को ड्यूटी से हटा दिया गया है.

3 मई की रात सामने आया था मामला
यह घटना 3 मई 2025 की रात को सामने आई थी, जब टाटानगर पोस्ट ऑफिस परिसर में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों द्वारा शराब पीने की जानकारी मीडिया रिपोर्ट के जरिए सामने आई. रिपोर्ट के बाद डाक विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए.
डाक विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संज्ञान में आते ही डाक विभाग ने इस अनुशासनहीनता को गंभीर सेवा उल्लंघन माना और स्पष्ट किया कि कार्यालय परिसर में इस प्रकार का आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. विभाग ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराया है.












