Dhanbad News: झारखंड के जामताड़ा जिले में शुक्रवार को एक हार्डवेयर दुकानदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सरफराज अंसारी के रूप में हुई है, जो मिहिजाम थाना क्षेत्र के ढेंकीपाड़ा मोड़ पर ‘झारखंड इलेक्ट्रिकल्स’ नामक दुकान चलाता था। सरफराज का शव उसकी ही दुकान में पंखे से गमछे और रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया।
ग्राहक के फोन से खुला मामला
घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब एक ग्राहक इंडक्शन चूल्हा खरीदने दुकान पर पहुंचा। दुकान बंद मिली और फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ग्राहक ने परिजनों को सूचना दी। परिजन जब दुकान पहुंचे तो अंदर के कमरे में सरफराज की बॉडी फंदे पर लटकती मिली।
मानसिक तनाव में था मृतक
मृतक के भाई ने मीडिया को बताया कि सरफराज पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था और उसका इलाज रांची में चल रहा था। हालांकि यह आत्महत्या है या कोई और मामला, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी एंगल से जांच की जा रही है।
परिवार में छाया मातम
इस घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा दुख है।













