गिरिडीह: जिले के बिरनी प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिरूडीह में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। सरकार द्वारा बच्चों के लिए भेजी गई खेल और लेखन सामग्री स्कूल में उपेक्षा का शिकार हो रही है। खेल किट महज कुछ महीनों में टूटकर बेकार हो गई, जबकि स्टेशनरी अभी भी बोरियों में बंद पड़ी है।
ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल में न तो कोई व्यवस्था है और न ही पढ़ाई का समुचित माहौल। शिक्षक मनमानी ढंग से स्कूल आते हैं और पढ़ाई के बजाय औपचारिकताओं पर ज्यादा ध्यान देते हैं। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और रख-रखाव की स्थिति भी दयनीय है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भेजी गई सरकारी सामग्री बिना उपयोग के खराब हो रही है, जिससे न केवल शिक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि यह सरकारी संसाधनों की बर्बादी भी है। ग्रामीणों ने इस मामले में शीघ्र सुधार की मांग की है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उम्मीद जताई है।









