Ranchi: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कई ज़रूरी दिशा-निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि आम जनता की समस्याओं का जल्दी समाधान हो।
“अबुआ साथी” और “अबुआ ग्रुप्स” से मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें
उपायुक्त ने कहा कि अबुआ साथी (9430328080) और अबुआ ग्रुप्स में आने वाली शिकायतों पर नजर रखी जाए और उन पर जल्दी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर हफ्ते इन शिकायतों की समीक्षा हो और आंगनबाड़ी केंद्रों या स्कूलों में अगर कोई गड़बड़ी मिले, तो तुरंत कदम उठाएं।
मंईयां सम्मान योजना के सभी लाभुकों की आधार लिंकिंग जल्द पूरी करें
उपायुक्त ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभ पाने वाले सभी लोगों के खातों को आधार से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। बताया गया कि अब तक 1.15 लाख लोगों के खाते आधार से जोड़े जा चुके हैं। बाकी लोगों की लिंकिंग भी जल्द पूरी की जाए। जिन लाभुकों को दस्तावेज नहीं मिल पाए हैं, उन्हें सेविका और सीडीपीओ के जरिए जल्द दिया जाए।
साफ-सफाई, पानी और पार्किंग व्यवस्था में सुधार के निर्देश
उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर की सफाई व्यवस्था और पार्किंग को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छत से लेकर पार्किंग तक साफ-सफाई होनी चाहिए और अनावश्यक गाड़ियों की पार्किंग न हो। नगर निगम को शहर की सफाई से जुड़ी जानकारी देने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने की सलाह
उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी आम लोगों से सम्मानपूर्वक और संवेदनशील तरीके से पेश आएं। अगर कोई नागरिक अपनी समस्या लेकर आता है, तो उसे सही जानकारी दी जाए और समस्या का समाधान तुरंत किया जाए।
सभी अधिकारी और कर्मचारी पहचान पत्र पहनें
उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपना नाम और पदनाम वाला पहचान पत्र पहनना अनिवार्य होगा। टेबल पर नाम और पद का प्लेट भी लगाना होगा। जांच के लिए एक टीम भी बनाई जाएगी। शांति समिति के सदस्यों को पहचान पत्र देने और समिति में नए सदस्य जोड़ने के निर्देश भी दिए गए।
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
बैठक में रांची जिले में चल रही विकास योजनाओं और विभागीय कामों की भी समीक्षा की गई और ज़रूरी निर्देश दिए गए।
बैठक में शामिल अधिकारी:
उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, विधि-व्यवस्था पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, नगर निगम के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









