Giridih: गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड में जंगली बिरनी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की शाम बिरनी के हमले में गंभीर रूप से घायल सेरुआ निवासी धनेश्वर यादव की देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के साथ ही प्रखंड में बिरनी के हमले से मरने वालों की संख्या तीन हो गई है।
जानकारी के अनुसार, धनेश्वर यादव शनिवार की शाम पहाड़ पर गए थे। इसी दौरान जंगली बिरनी ने उन पर हमला कर दिया और उनके पूरे शरीर में डंक मार दिया। परिजन उन्हें तत्काल गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां डॉ. काजिम खान ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बेलाटांड़ अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मना करने के बावजूद दोबारा गए थे पहाड़ पर
परिजनों ने बताया कि तीन दिन पूर्व भी धनेश्वर यादव को उसी पहाड़ पर बिरनी ने काटा था। इसके बाद परिजनों ने उन्हें वहां जाने से मना किया था। बावजूद इसके, शनिवार को वह दोबारा पहाड़ पर चले गए, जहां बिरनी के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
15 दिनों में तीन मौतों से दहशत
गावां प्रखंड में जंगली बिरनी के हमले की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है। अब तक 150 से अधिक लोग बिरनी के हमले में घायल हो चुके हैं। करीब 15 दिन पूर्व बिरने निवासी शिक्षक देवेंद्र सिंह की बिरनी के हमले के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
वहीं, एक सप्ताह पूर्व सिरी निवासी कालेश्वर यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार हो रही मौतों के बावजूद ग्रामीणों में जंगली बिरनी के आतंक को लेकर चिंता बनी हुई है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








