Dhanbad News: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के काशीटांड़ स्थित मोटोजेन शोरूम और पंडुकी स्थित एचएन मोटर्स में बुधवार को लगातार दूसरे दिन छापेमारी जारी रही। रांची और धनबाद एसीबी की संयुक्त टीम शोरूम के भीतर वित्तीय दस्तावेजों और निवेश से जुड़े कागजातों की सघन जांच कर रही है।
स्निग्धा सिंह के ठिकानों पर शिकंजा
जांच के केंद्र में स्निग्धा सिंह हैं, जो इन शोरूम की निदेशक बताई जा रही हैं। स्निग्धा सिंह, चर्चित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के कथित सहयोगी विनय सिंह की पत्नी हैं। एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में उन्हें आरोपी बनाया है, हालांकि वह फिलहाल फरार चल रही हैं।
मंगलवार देर शाम से शुरू हुई यह कार्रवाई बुधवार को भी पूरे जोर-शोर से जारी रही। टीम ने टाटा मोटर्स और महिंद्रा से जुड़े कुल छह शोरूमों में दबिश दी है, जिसका नियंत्रण स्निग्धा सिंह के पास होने की सूचना है।
जांच के मुख्य बिंद
दस्तावेजों की स्क्रूटनी: टीम शोरूम के पिछले कुछ वर्षों के टर्नओवर, निवेश और बैंक खातों से संबंधित कागजातों की जांच कर रही है।
कर्मचारियों से पूछताछ: शोरूम में मौजूद स्टाफ और मैनेजरों से वित्तीय लेन-देन और मालिकाना हक के संबंध में पूछताछ की गई है।
सुरक्षा घेरा: छापेमारी के दौरान शोरूम परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
राज्यभर में 7 ठिकानों पर रेड
यह पूरी कार्रवाई केवल धनबाद तक सीमित नहीं है। आय से अधिक संपत्ति के इस बड़े मामले में मंगलवार शाम को धनबाद सहित राज्य के सात अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की गई थी। सूत्रों का कहना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों से बड़े पैमाने पर बेनामी संपत्ति और अवैध निवेश के खुलासे होने की उम्मीद है।












