Maithon Dam: पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मानसून की बारिश ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। हालांकि गुरुवार को मैथन एवं पंचेत डैम के जलस्तर में गिरावट दर्ज किया गया, जिसके कारण दोनों ही डेमों से पानी छोड़ने की मात्रा को कम कर दिया गया है। मैथन डैम से दो गैलरी के माध्यम से करीब 37957 एकड़ फीट पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि यहां हर घंटे 7467 एकड़ फीट जल जमा हो रहा है। वहीं पंचेत डैम से 34511 एकड़ फीट पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि 19000 एकड़ फीट जल जमाव हो रहा है। यदि बारिश ऐसे ही लगातार होता रहेगा तो केंद्रीय जल आयोग पानी छोड़ने की मात्रा को बढ़ा सकता है।
मालूम रहे कि भारतीय मौसम विभाग ने पिछले तीन दिनों के लिए क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दिया था। जिसको देखते हुए केंद्रीय जल आयोग ने डीवीसी के मैथन एवं पंचेत डैम से पिछले दो दिनों से पानी छोड़ रहा है, ताकि डैमों में जल भंडारण की क्षमता बना रहे। मैथन एवं पंचेत डैम से पानी छोड़ने के कारण पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति भी उत्पन्न हुई है। वहीं डैम के खुले गेट को देखने के लिए आसपास के सैलानियों भी मैथन डैम पहुंचने लगे हैं।












