National News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने बीजेपी पर भारतीय संविधान को कमजोर करने और उसकी मूल भावना को समाप्त करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी संविधान में निहित समानता के सिद्धांत राज्यों, भाषाओं और धर्मों की बराबरी को खत्म करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि देश की प्रमुख लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भी सत्तारूढ़ पार्टी ने पूरा नियंत्रण कर लिया है।
Rahul Gandhi 17 से 19 दिसंबर तक जर्मनी दौरे पर थे। इस दौरान 18 दिसंबर को उन्होंने बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों को संबोधित किया। कांग्रेस ने सोमवार रात इस बातचीत का करीब एक घंटे का वीडियो जारी किया। वीडियो में राहुल ने कहा कि CBI और ED जैसी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के तौर पर किया जा रहा है और ये एजेंसियां केवल विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं, जबकि बीजेपी नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रही हैं और विपक्ष की लड़ाई सिर्फ बीजेपी से नहीं, बल्कि संस्थागत ढांचे पर हुए कब्जे के खिलाफ भी है।
Rahul Gandhi की छह प्रमुख बातें
राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के चुनाव जीते हैं और हरियाणा चुनाव को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में अनियमितताएं थीं और चुनाव आयोग से सवाल पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। महाराष्ट्र चुनावों की निष्पक्षता पर भी उन्होंने संदेह जताया।
उन्होंने वैश्विक परिदृश्य पर बात करते हुए कहा कि दुनिया बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। अमेरिका के प्रभुत्व वाली व्यवस्था कमजोर हो रही है और उत्पादन का बड़ा हिस्सा चीन के पास चला गया है। राहुल ने कहा कि भारत में बड़े पैमाने पर रोजगार केवल मैन्युफैक्चरिंग से ही पैदा हो सकते हैं, लेकिन सरकार कुछ बड़े उद्योग समूहों पर ज्यादा ध्यान देकर छोटे और मध्यम उद्योगों को नुकसान पहुंचा रही है। नोटबंदी और जीएसटी जैसी नीतियों से MSME सेक्टर प्रभावित हुआ है।
Read more- Ranchi News: चुटिया मेन रोड पर तेज रफ्तार का कहर, नशे में धुत कार चालक फरार
राहुल गांधी ने कहा कि भारत के भविष्य को लेकर दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष चल रहा है एक ओर बीजेपी और RSS का मजबूत नेतृत्व वाला मॉडल है, जबकि दूसरी ओर संवाद, सहमति और विविधता को साथ लेकर चलने का संवैधानिक दृष्टिकोण। उन्होंने कहा कि भारत इतना बड़ा और विविध देश है कि इसका भविष्य किसी एक व्यक्ति के फैसले से तय नहीं किया जा सकता।
Rahul Gandhi के बयान पर बीजेपी का पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत को बदनाम करते हैं और झूठा प्रचार करते हैं। उन्होंने राहुल को ‘लीडर ऑफ अपोजिशन’ के बजाय ‘लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा’ बताया। भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने भी राहुल पर लोकतंत्र में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
RSS पर भी साधा निशाना
इससे पहले हर्टी स्कूल में चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने RSS प्रमुख मोहन भागवत पर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि RSS के लिए सच्चाई से ज्यादा शक्ति महत्वपूर्ण है, और यही विचारधारात्मक अंतर है।













