हज़ारीबाग: हज़ारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंडखड़ी निवासी धनंजय महतो का पार्थिव शरीर आज सऊदी अरब से स्वदेश लाया गया. मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की संवेदनशील पहल और प्रवासी श्रमिकों के प्रति सम्मानभाव का परिणाम है कि धनंजय महतो सहित अन्य दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर को परिजनों तक पहुँचाना सुनिश्चित किया गया.
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष एवं श्रम विभाग के अथक प्रयासों से 29 वर्षीय धनंजय महतो, जो लार्सन एंड टुब्रो (L&T) कंपनी में कार्यरत थे, का पार्थिव शरीर तबूक (सऊदी अरब) से उनके गांव पहुंचाया गया. 24 मई 2025 को कार्यस्थल पर हुए हादसे में उनकी आकस्मिक मृत्यु हो गई थी.
राज्य सरकार ने न सिर्फ पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक स्वदेश लाने की व्यवस्था की, बल्कि मृतक के परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है. कंपनी और परिवारजनों के बीच समन्वय स्थापित कर यह सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाएगी.
मुख्यमंत्री की पहल ने फिर जताया कि प्रवासी श्रमिकों के लिए राज्य सरकार खड़ी है — संकट की घड़ी में साथ निभाने का भरोसा.












