Dhanbad : गोविंदपुर थाना अंतर्गत कालाडीह गांव में उस समय सनसनी मच गई जब विवाहिता शिखू कुमारी का शव उसके घर के कुएं में मिली। इस संबंध में जियलगढ़ा गांव निवासी चिंता देवी के आवेदन पर गोविंदपुर थाना में ससुराल वालों द्वारा बहू को रस्सी से गला दबा कर मारने का मामला दर्ज हुआ है।
ससुरालवालों पर दहेज की खातिर हत्या का आरोप
चिंता देवी द्वारा थाना में दिए आवेदन में कहा है कि उसकी बेटी शिखु कुमारी का विवाह गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह उर्फ तेतुलियाटांड़ निवासी सोनू गोप उर्फ ललित गोप से हुआ था। शादी के बाद से ही सोनू गोप उसकी बेटी शिखु कुमारी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। प्रताड़ना में ससुराल वाले भी सोनू का साथ दे रहे थे।
गत शनिवार को बतौर दहेज मोटरसाइकिल के लिए शिखु कुमारी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। उसके अगले ही दिन रविवार की रात शिखु की उसके पति सोनू गोप, ससुर शंभू गोप, सास रंभा देवी, चाचा ससुर बाबूलाल गोप एवं अनिल गोप ने मिलकर रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए उसकी लाश को कुआं में टांग दिया।
घटना के बाद ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार
आवेदन में कहा गया है कि दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने के विरुद्ध पंचायत भी हुई थी। जब पंचायत का भी असर नहीं हुआ तो सोनू गोप, शंभू गोप व अन्य के खिलाफ वर्ष 2022 में गोविंदपुर थाना में कांड संख्या 438/22 का मामला दर्ज हुआ था। चिंता देवी के आवेदन पर पुलिस ने कांड संख्या 534/ 2025, धारा 80/238/3(25)/ 61(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसआई गिरधारी कुमार साव को अनुसंधान का दायित्व सौंपा गया है। उधर ससुराल वालों का कहना है कि पति से झगड़ा झमेला कर उसने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मायके वाले को सौंप दिया और मायके वाले ने उसकी अंतिम क्रिया खुदिया घाट गोविंदपुर में कर दी।













