रांची: अबुआ आवास योजना के तहत रांची जिले के 3533 परिवारों ने आज अपने नये आशियाने में गृह प्रवेश किया। जिला के सभी 18 प्रखंडों में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में लाभुकों को उनके नवनिर्मित घर की चाबियाँ सौंपी गईं। नगड़ी प्रखंड के साहेर पंचायत में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने लाभुकों को गृह प्रवेश कराया और चाबियाँ सौंपीं। अजय नायक और उनकी पत्नी जैसे कई लाभुकों की आंखों में आज खुशी के आंसू थे। उन्होंने कहा, सरकार ने हमारे जीवन का सबसे बड़ा सपना पूरा कर दिया। पहले खपरैल मकान था, अब पक्का घर मिला है।
प्रत्येक प्रखंड में हुआ गृह प्रवेश
जिले के अलग-अलग प्रखंडों में हुए कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में लाभुकों को घर का स्वामित्व सौंपा गया। अनगड़ा में 272, बेड़ो में 171, बुण्डू में 94, बुढ़मू में 149, चान्हो में 290, ईटकी में 150, कांके में 355, खलारी में 203, लापुंग में 124, माण्डर में 288, नगड़ी में 161, नामकुम में 369, ओरमांझी में 165, राहे में 99, रातू में 152, सिल्ली में 219, सोनाहातू में 101 और तमाड़ में 171 लाभुकों ने गृह प्रवेश किया।
अब तक इतनी किस्तों का हुआ भुगतान
रांची जिले में अबुआ आवास योजना के तहत अब तक 13,065 लाभुकों को पहली, 11,724 को दूसरी एवं 8,468 लाभुकों को तीसरी किस्त का भुगतान किया जा चुका है।
मंईयां सम्मान से बढ़ रही महिलाओं की आत्मनिर्भरता
कार्यक्रम में उपायुक्त श्री भजन्त्री ने ‘मंईयां सम्मान’ योजना की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला लाभुक को मिलने वाली ₹2500 की मासिक राशि से वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। अप्रैल 2025 तक 3051 लाभुकों को 1,59,300 चूजे और 350 लाभुकों को 730 बकरियां वितरित की गई हैं।
अबुआ साथी नंबर जारी
उपायुक्त ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए उन्होंने अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर संपर्क करने की अपील की।












