कतरास: श्यामडीह स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भक्ति, संस्कृति और रचनात्मकता से भरपूर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में राधा-कृष्ण बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता, राखी सज्जा प्रतियोगिता और बांसुरी सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
राधा-कृष्ण बाल रूप सज्जा प्रतियोगिता में दर्जनों नन्हें-मुन्ने बच्चों ने राधा और कृष्ण के रूप में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उनकी भाव-भंगिमा और नृत्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
राखी सज्जा प्रतियोगिता में छात्राओं ने रक्षाबंधन की भावना से प्रेरित होकर रंग-बिरंगी व आकर्षक राखियां बनाई, वहीं
बांसुरी सज्जा प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्रों ने श्रीकृष्ण की प्रिय बांसुरी को रचनात्मक अंदाज में सजाकर सबका दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध समाजसेवी एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रदीप खेमका ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर सचिव विक्रम कुमार राजगढ़िया, कोषाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल, उप प्राचार्य श्रीमती श्रेया सरकार, आचार्यगण और अभिभावक उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में अध्यक्ष, सचिव और प्राचार्य शामिल थे, जिन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत किया और सभी प्रतिभागियों की सराहना की।
विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों को संस्कार और संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं और विद्यालय भविष्य में भी इन्हें जारी रखेगा। कार्यक्रम के अंत में संगीत की मधुर धुनों पर नन्हें पांवों की थिरकन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।













