Jharkhand News: देवघर स्थित AIIMS में आज 31 जुलाई 2025 को 2019 बैच के MBBS छात्रों के लिए प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया है. इस ऐतिहासिक समारोह की मुख्य अतिथि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी. कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
48 छात्रों को मिलेंगी डिग्रियां और मेडल
दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 48 छात्रों को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए जाएंगे. राष्ट्रपति के हाथों एक गोल्ड मेडल, एक सिल्वर मेडल, एक ब्रॉन्ज मेडल और एक बेहतर रैंक प्राप्त छात्र को डिग्री दी जाएगी. इसके अलावा, राष्ट्रपति कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगी.
दोपहर 12:20 बजे देवघर पहुंचेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति दोपहर 12:20 बजे देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी, जिसके बाद वे सड़क मार्ग से AIIMS देवघर जाएंगी. एयरपोर्ट से AIIMS तक लगभग 19.6 किलोमीटर के रास्ते पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. श्रावणी मेला को देखते हुए उनके लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो.
3 बजे शुरू होगा दीक्षांत समारोह
राष्ट्रपति दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक AIIMS में रहेंगी. इस दौरान वे लंच और विश्राम करेंगी. दोपहर 3 बजे वे ऑडिटोरियम में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और मेडल वितरित करेंगी. समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे.
शाम 5:30 बजे रांची पहुंचेंगी राष्ट्रपति
समारोह के बाद राष्ट्रपति देवघर एयरपोर्ट लौटेंगी, जहां से वे शाम 5:30 बजे रांची के लिए रवाना होंगी. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनका स्वागत करेंगे. राष्ट्रपति आज रात राजभवन में विश्राम करेंगी.
कल धनबाद के दौरे पर जाएंगी
1 अगस्त को राष्ट्रपति धनबाद के लिए रवाना होंगी. वे दुर्गापुर एयरपोर्ट से धनबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहां से IIT धनबाद में आयोजित दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी.












