Ranchi : झारखंड में थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ाए जाने की घटना को लेकर सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा ने इस दर्दनाक मामले को लेकर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी नेताओं ने घटना की सीबीआई जांच की मांग करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की।
यह लापरवाही नहीं बल्कि संवेदनहीनता की हद है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घाटशिला में आयोजित सभा में राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “हेमंत सरकार जनता को इलाज के नाम पर मौत परोस रही है।” मरांडी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने साल 2021 में ही राज्य के ब्लड बैंकों की अव्यवस्था को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन सरकार ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
मरांडी ने कहा कि यह लापरवाही नहीं बल्कि संवेदनहीनता की हद है। चार साल तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और आज निर्दोष बच्चों की जान चली गई। उन्होंने पूरे प्रकरण की सीबीआई या हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की, साथ ही दोषी अधिकारियों को जेल भेजने और स्वास्थ्य मंत्री को बर्खास्त करने की बात कही।












