Jharkhand: झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड स्थित पूर्वी बलगो पंचायत से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने अपनी 23 वर्षीय पत्नी गुलेशा खातून की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जब पूरा गांव गहरी नींद में था। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मृतका का पांच महीने का बेटा भी वहीं मौजूद था, जो अब अपनी मां की ममता से हमेशा के लिए वंचित हो गया।
पति और ससुराल वाले हत्या के बाद फरार, दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के पिता सकुर अंसारी ने भरकट्टा ओपी में आवेदन देकर बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी एनुअल अंसारी ने गुरुवार शाम जबरन उनकी बेटी को घर से ले जाकर रात में उसकी हत्या कर दी।
पिता ने FIR में एनुअल अंसारी के अलावा उसकी बड़ी भाभी शबनम खातून, शबनम के पिता पीरु मियां, महबूब अंसारी और ताजमुल मियां को भी आरोपित किया है। उनका कहना है कि कई बार सामाजिक स्तर पर पंचायती और समझौते हुए लेकिन एनुअल ने अपनी हरकतों में बदलाव नहीं किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की छानबीन
घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि,
“मामला प्रथम दृष्टया दहेज हत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को हिरासत में लिया जाएगा।”












