झारखंड के लोग गर्मी से परेशान से जूझ रही जनता के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शनिवार और रविवार को राज्य में मौसम एक बार फिर करवट लेगा. इस दौरान तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और वज्रपात की संभावना है. विभाग ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट और रांची समेत 20 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 मई को झारखंड के सभी 24 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. लोगों को खुले स्थानों में जाने से परहेज करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.
किस जिले में कौन-सा अलर्ट?
रांची, बोकारो, जमशेदपुर, लोहरदगा, खूंटी, दुमका सहित कुल 20 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है.
तापमान का हाल
राज्य में गर्मी भी कम नहीं पड़ रही है. शुक्रवार को सबसे गर्म रहा मेदिनीनगर, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी रांची में तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि आसमान में बादलों की दस्तक से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
किन इलाकों में हुई बारिश?
शुक्रवार को गोड्डा, पाकुड़, दुमका, सिमडेगा, गुमला, गिरिडीह और पूर्वी सिंहभूम में मेघ गर्जन, वज्रपात और हल्की बारिश दर्ज की गई. आने वाले दो दिनों में भी राज्यभर में इसी तरह के मौसम के आसार हैं.












