Jharkhand News: राज्य के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई Guruji Credit Card Scheme की प्रगति बेहद धीमी नजर आ रही है। स्थिति यह है कि राज्य के 13 जिलों में अब तक 10 से भी कम छात्रों को इस योजना का लाभ मिल सका है। लोहरदगा जिला ऐसा है, जहां एक भी छात्र को अब तक शिक्षा ऋण नहीं मिला है। वहीं, दो जिलों में केवल 1-1 छात्र ही इस योजना से लाभान्वित हो पाए हैं।
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2024 से पिछले महीने तक पूरे राज्य में सिर्फ 835 छात्रों को ही उच्च शिक्षा के लिए लोन की राशि का भुगतान किया गया है। जिला स्तर पर स्थिति और भी चिंताजनक है। चतरा और दुमका में 4-4 छात्रों को, गढ़वा में 5, गोड्डा में 2, गुमला में 4, जामताड़ा में 1, खूंटी में 3, लातेहार में 9, पाकुड़ में 2, साहेबगंज में 1, सिमडेगा में 2 और पश्चिमी सिंहभूम में बेहद सीमित संख्या में छात्रों को ही लोन मिल सका है।
राजधानी रांची में सबसे अधिक 346 छात्रों को लोन मिला है, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 128 छात्रों को इस योजना का लाभ दिया गया है।
Guruji Credit Card Scheme में आवेदन और स्वीकृति की स्थिति
Guruji Credit Card Scheme के तहत कुल 5499 छात्रों ने आवेदन किया था। इनमें से 977 आवेदन पिछले छह महीनों से विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। विभिन्न कारणों से 2161 आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। हालांकि 2035 छात्रों के लोन स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन वास्तविक भुगतान अब तक केवल 835 छात्रों को ही किया गया है।
योजना की प्रमुख विशेषताएं
Guruji Credit Card Scheme के तहत राज्य के स्थायी निवासी छात्र, जो मान्यता प्राप्त संस्थानों से 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण हैं, वे इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, रिसर्च सहित अन्य उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों के लिए अधिकतम 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण ले सकते हैं।
इस योजना के अंतर्गत लोन पर मात्र 4 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज देना होता है। खास बात यह है कि इसमें किसी तरह की जमानत या बंधक की आवश्यकता नहीं होती, क्योंकि सरकार स्वयं इसकी गारंटर होती है।
भुगतान और पुनर्भुगतान की सुविधा
छात्रों को पढ़ाई पूरी होने के बाद 15 वर्षों में लोन चुकाने की सुविधा दी जाती है। इसके अलावा कोर्स पूरा होने के बाद एक साल का मोरेटोरियम पीरियड भी दिया जाता है।
Read nore- Jharkhand Weather: झारखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी, 15 जिलों में येलो अलर्ट
बैंकों की देरी पर सरकार सख्त
पिछले महीने हुई राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताई गई थी। बैंकों को निर्देश दिया गया था कि दिसंबर माह में ही सभी लंबित आवेदनों का निपटारा किया जाए और छात्रों को समय पर लोन उपलब्ध कराया जाए।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा है कि बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी विसंगतियों को जल्द दूर करें और पात्र छात्रों को Guruji Credit Card Scheme का लाभ सुनिश्चित करें।












