Dhanbad: डीएवी स्कूल निरसा में री-एडमिशन और वार्षिक फीस वृद्धि के खिलाफ अभिभावकों का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को 33वें दिन भी जारी रहा। हालाँकि स्कूल प्रबंधन द्वारा छात्रों के लिए किताबें दुकानों में उपलब्ध करवा दी गई हैं, जिसे अभिभावकों ने अपनी आंशिक जीत माना है।
अभिभावकों रोबिन धीवर और श्याम कुमार ने बताया कि उनकी एकता के कारण ही प्रबंधन को झुकना पड़ा और किताबें उपलब्ध करवाई गईं। उन्होंने कहा, “हमारी असली लड़ाई री-एडमिशन के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूली और हर साल 22-23% फीस बढ़ोतरी के खिलाफ है। जब तक सभी अभिभावक एकजुट रहेंगे, हमें पूर्ण सफलता जरूर मिलेगी।”
उन्होंने बताया कि 15 मई को उपायुक्त की अध्यक्षता में शुल्क निर्धारण समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें शुल्क को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अभिभावकों ने स्पष्ट किया कि जब तक इस बैठक में शुल्क निर्धारण तय नहीं हो जाता, उनका धरना जारी रहेगा।
बैठक के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। धरना स्थल पर भारी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने एकजुटता और संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।













