रांची: रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता अजय कुमार सिंह ने शहर में नालियों की गंभीर स्थिति को लेकर नगर निगम प्रशासन से त्वरित सफाई अभियान चलाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के चलते कई इलाकों में नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं और सड़क किनारे कचरे का अंबार जमा है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
वार्ड नंबर 28 का सबसे बुरा हाल
अजय कुमार सिंह ने विशेष रूप से वार्ड संख्या 28 के कैलाश नगर का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां की मुख्य सड़क और आसपास के इलाकों की नालियां जाम हैं, जिससे बारिश का पानी सीधे घरों में घुसने लगा है. इसके अलावा सड़कों पर जमा कचरा और गंदगी से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा तेजी से बढ़ गया है.
read more: झारखण्ड से गुजरने वाली ट्रेनों के संचालन में बदलाव, यात्रियों को सावधान रहने की सलाह
ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव की भी मांग
प्रवक्ता अजय कुमार सिंह ने निगम प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तत्काल करवाया जाए, ताकि गंदगी और संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके. उन्होंने कहा कि नगर निगम को इस दिशा में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाना चाहिए, जिससे लोगों को राहत मिल सके.
नगर निगम से त्वरित कार्रवाई की अपील
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह केवल सफाई का मुद्दा नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधा से जुड़ा गंभीर मामला है. यदि समय रहते नगर निगम द्वारा कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है.












