Ranchi: राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के समीप छोटा घाघरा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। खेत में चर रही तीन गायों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा आज दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ, जब गायें रोज की तरह चराई के लिए खेत में निकली थीं। खेत के पास से गुज़र रहे 11,000 वोल्ट के हाई वोल्टेज तार जमीन को छू रहे थे और उसी के संपर्क में आने से यह दुखद घटना हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई दुर्घटना नहीं है, बल्कि बिजली विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पॉवर ग्रिड को एक सप्ताह पहले ही इस खतरनाक स्थिति की जानकारी दे दी गई थी कि बिजली के तार खेत में झूल रहे हैं और जानलेवा साबित हो सकते हैं। इसके बावजूद विभाग ने कोई भी कार्रवाई नहीं की।
बरसात के मौसम में खुले में झूलते हाई वोल्टेज तारों से खतरा कई गुना बढ़ जाता है, और इस मामले में तो बिजली विभाग को पहले से चेताया भी गया था। बावजूद इसके विभाग की चुप्पी और निष्क्रियता ने तीन जानवरों की जान ले ली।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना के बाद बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है और मांग की है कि दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
बड़ा सवाल यह है:
जब एक हफ्ते पहले ही तार झूलने की सूचना विभाग को दे दी गई थी, तो फिर क्यों नहीं की गई कोई मरम्मत? क्या किसी बड़ी मानव दुर्घटना के इंतज़ार में है बिजली विभाग?
इस लापरवाही पर अब जवाब देना होगा।
क्या बिजली विभाग लेगा ज़िम्मेदारी?
या ऐसे हादसे फिर किसी की जान लेकर ही जागेंगे सिस्टम?












