झुमरीतिलैया (कोडरमा)। एनएच फोरलेन के रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में लगे आरकेएस कंपनी के तीन मजदूर रेलवे हाई टेंशन तार की चपेट में आने से बुरी तरह जख्मी हो गये। इसमें एक मजदूर की झुलसने से गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल प्राथमिक उपचार कर रांची रेफर कर दिया गया। बताते चलें कि घटना शनिवार पूर्वाह्न करीब 10ः30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एनएच फोरलेन के रेलवे ओवर ब्रिज के पिलर निर्माण कार्य में लगे सेटरिंग को खोलने के दौरान रेलवे के हाई टेंशन तार (25000 वोल्ट) की चपेट में आने से एक मजदूर 35 वर्षीय वरमेश्वर टुडू पिता मंगल टुडू ग्राम केंदुआटार थाना बेंगाबाद गिरिडीह निवासी बुरी तरह झुलस गया। वहीं इसके स्पर्श में आए 28 वर्षीय दिलीप मुर्मू पिता खिदू मुर्मू ग्राम कारी पहाड़ी थाना बुद्राई देवघर निवासी व 44 वर्षीय अनिल कुमार पिता स्व. जगदीश साव थाना खगोल भागलपुर निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर आरकेएस कंपनी के मैनेजर ने आनन फानन में तीनों को स्थानीय निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने वरमेश्वर टुडू की गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर कर दिया।
आरकेएस कंपनी ने सुरक्षा मनकों का नहीं रखा ध्यान
पूरी घटना को गौर किए जाने के बाद एक बार फिर आरकेएस कंपनी की लापरवाही सामने आई है। पूरे कार्य के दौरान कंपनी ने सुरक्षा मानकों को नजर अंदाज कर मजदूरों से काम लेता रहा, जिसके परिणाम स्वरुप यह घटना घटी। बताते चलें निर्माण कार्य में लगे मजदूर के हाथ में ना तो गल्ब्स थे और ना ही पैर में जुते। फोरलेन के निर्माण कार्य में कंपनी की ओर से कभी भी सुरक्षा मनकों का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके फल स्वरुप आए दिन फोरलेन निर्माण कार्य में छोटी बड़ी दुर्घटनाएं घटती रहती है। इसका ताजा उदाहरण हाल के दिनों में देखा जाता रहा है। दो माह पूर्व सड़क दुर्घटना में एक पत्रकार की भी मौत हुई थी।