धनबाद: एनएच-19 पर स्थित मैथन टोल प्लाजा से एक दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार की रात ड्यूटी के दौरान टोल शिफ्ट इंचार्ज रितेश कुमार सिंह (40 वर्ष) की अचानक हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। वे मूल रूप से बिहार के बक्सर जिला अंतर्गत डुमरांव गांव के निवासी थे और उसी दिन अपने गांव से वापस लौटे थे।
रात की ड्यूटी के दौरान भोजन करने के बाद रितेश को अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। थोड़ी ही देर में उनकी तबीयत और बिगड़ गई और वे टेबल के सहारे गिर पड़े। साथी टोलकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें मैथन के बीपी नियोजन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनकी मृत्यु की खबर से टोल प्लाजा पर शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह उनके परिजन गांव से मैथन पहुंचे। सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।इस घटना ने साथी कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को गहरे शोक में डाल दिया है।






