Koderma: कोडरमा सदर थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर नौवां माइल के पास दो वाहनों के खराब होने से लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर यातायात बाधित रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग पर दो वाहन अचानक खराब हो गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। जाम में लंबी दूरी की बसें, कार, ट्रक और अन्य छोटे-बड़े वाहन फंसे हुए हैं। कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो रही है। व्यस्त रांची-पटना मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
पुलिस और सड़क सुरक्षा टीम जाम हटाने में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा टीम के सागर गिरी और कोडरमा PCR की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी जाम हटाने और यातायात सामान्य करने में जुटे हैं। सड़क पर खराब वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है।










