रांची: ट्रैफिक पुलिस की सख्ती के बावजूद शहर में बाइक और स्कूटी सवार यातायात नियमों का पालन करने को तैयार नहीं हैं. लोग जान की परवाह किए बिना सड़कों पर बेपरवाही से वाहन चला रहे हैं और लगातार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं. चालान कटने के बावजूद अधिकांश लोग फाइन की राशि जमा नहीं कर रहे हैं.
इस स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अब अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है जिनके पांच या उससे अधिक चालान पेंडिंग हैं. सोमवार को शहर के आठ अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 20 दोपहिया वाहनों को जब्त कर संबंधित ट्रैफिक थाना भेजा गया.
फाइन जमा किए बिना नहीं मिलेगा वाहन
ट्रैफिक पुलिस की ओर से निर्देश दिया गया है कि जब्त वाहनों के मालिकों को पूरे दस्तावेजों के साथ थाने बुलाया जाएगा, जहां जांच के बाद फाइन की पूरी राशि जमा करने पर ही वाहन को छोड़ा जाएगा.
नियम संगत कार्रवाई के आंकड़े
ट्रैफिक विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2024 से मार्च 2025 के बीच 3.14 लाख बाइक चालकों को बिना हेलमेट के पकड़ा गया, जिनका चालान काटा गया. इसके अलावा नो पार्किंग जोन में खड़े 18 हजार से ज्यादा वाहनों का चालान भी किया गया. इसके बावजूद अब तक अधिकांश लोगों ने जुर्माना जमा नहीं किया है.
पूर्व डीजीपी अन्वेष मंगलम ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह नियम संगत कार्रवाई कर रही है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें और समय पर जुर्माना अदा करें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.












