KhabarMantra: झारखंड के पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में दो लोगों के पैर कट गए हैं और बाकी को गंभीर चोटें आई हैं.
यह हादसा तरहसी थाना क्षेत्र के तिरूआ मोड़ पर हुआ, जहां बारातियों से भरी एक गाड़ी और डीजे वाहन की जोरदार टक्कर हो गई. मृतक सभी मनातू थाना क्षेत्र के नावा चुनका गांव के निवासी थे. इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया.
स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने राहत और बचाव कार्य को अंजाम दिया. बताया गया कि बारात नावा चुनका गांव से सतबरवा थाना क्षेत्र की ओर जा रही थी, तभी यह दुर्घटना हुई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया. घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
सभी घायल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज रेफर
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया है. तरहसी थाना प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और हालात पर काबू पाया.












