Dhanbad : रविवार को बरवाअड्डा जीटी रोड स्थित अपना ढाबा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता हफीजुद्दीन अंसारी ने की जबकि संचालन अख्तर हुसैन अंसारी ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई। इस दौरान सिंदरी विधायक चंद्रदेव उर्फ बबलू महतो और विधायक मथुरा प्रसाद महतो सहित कई गणमान्य लोगों ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
विधायक मथुरा महतो ने कहा — “गुरुजी ने संघर्ष के बल पर मुकाम हासिल किया और झारखंड अलग राज्य की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।” वहीं, विधायक चंद्रदेव महतो ने उन्हें महान व्यक्तित्व का स्वामी बताते हुए कहा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
ढाबा संचालक आनंद ने बताया कि “दुमका आने-जाने के दौरान गुरुजी अक्सर यहां विश्राम करते और भोजन करते थे।” श्रद्धांजलि सभा में भावुक होकर हफीज उद्दीन अंसारी रो पड़े। उन्होंने कहा कि गुरुजी अपने कार्यकर्ताओं को सम्मान और अपनापन देने के लिए जाने जाते थे।
इस मौके पर गणेश प्रसाद चौरसिया, धर्मजीत सिंह, रतिलाल टुडू, प्रेम महतो, सारथी मंडल, सफीउद्दीन अंसारी, सचिन पाठक, पैगाम अली, गौतम मंडल, वकील महतो, मिराज खान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।













