Koderma: कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में शनिवार को साप्ताहिक बाजार के पास बंद खदान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव प्लास्टिक के बोरे में था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
मिली जानकरी के मुताबिक स्थानीय ग्रामीणों ने एक आवारा कुत्ते को बोरा फाड़कर शव को नोचते देखा, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, थाने में किसी व्यक्ति के लापता होने की शिकायत नहीं मिली है। पहचान के लिए दूसरे थानों से भी संपर्क किया जा रहा है।
तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा शव
शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत तीन से चार दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत का सही समय और कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
स्थानीय लोगों ने हत्या कर शव को खदान के पास फेंके जाने की आशंका जताई है। ग्रामीणों ने खदान की घेराबंदी नहीं होने पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खुले में पड़ी खदान से हादसों और आपराधिक घटनाओं का खतरा बना रहता है।
हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर जांच
पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








