मॉब लिचिंग
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल के चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोड़सा गांव में शुक्रवार को ग्रामीणों ने गांव में बकरी चोरी करने घुसे दो युवकों को पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गयी। ग्रामीणों की बेरहम पिटाई से एक युवक कुशक बेहरा की मौके पर ही मौत हो गयी। दूसरा युवक भोलानाथ महतो गंभीर रूप से घायल हो गया। भोलानाथ को इलाज के लिए एमजीएम जमशेदपुर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। यह घटना एक बार फिर से मॉब लिंचिंग जैसे गंभीर मुद्दे पर सवाल उठाती है और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता पैदा करती है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है। ग्रामीण एसपी ने ग्रामीणों की पिटाई से दो लोगों की मौत की बात स्वीकारी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार : जमशेदपुर के ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि घटना के बाद घर के मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया है। इसके अलावा भी अन्य जो लोग घटना में शामिल हैं उनकी भी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि हर हाल में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जानकारी के अनुसार जिन बकरियों को युवकों ने चुराया था, उसमें से एक बकरी के गले में घंटी बंधी थी। घंटी की आवाज से बकरियों के मालिक हरगोविंद की नींद खुल गयी और उन्होंने चोरों को धर दबोचा।
बकरी चोरी से परेशान थे लोग : बताया जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्र में बहुत दिनों से बकरी चोरी की घटनाओं से लोग परेशान थे। बकरी चोरी करने वाला बड़ा गिरोह है जो कार से घुमते हुए बकरी उड़ा लेते थे। किशुक और भोलानाथ का संबंध इसी गिरोह से बताया जा रहा है। हालांकि मामले की पुलिस जांच कर रही है।
जीरापाड़ा के थे दोनो : बकरी चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी पड़ोसी गांव जीरापाड़ा के ही रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार बकरी मालिक ने शोर मचा दिया और ग्रामीण जुट गये। दोनों आरोपियों को ग्रामीणों ने घेर लिया और उसकी खूब पिटाई कर दी। चाकुलिया पुलिस दोनों को लेकर शनिवार की सुबह घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंची। चाकुलिया थाना प्रभारी ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि जोड़सा गांव में चोरी की घटना में दो चोरों को ग्रामीणों ने पीटा है। पुलिस ने दलबल के साथ गांव पहुंचकर दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में लेकर ग्रामीणों को शांत कराया था। तमाम बड़े अधिकारी मामले की जांच पड़ताल में लगे हुए हैं।