Sports news: भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज, विराट कोहली और रोहित शर्मा, ने T20 के बाद अब टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है. दोनों ने इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले कुछ ही दिनों के अंदर यह बड़ा फैसला लिया है. हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने वनडे क्रिकेट खेलना जारी रखा है और प्रशंसकों को अब उनकी अगली वनडे सीरीज में वापसी का इंतजार है.
भारत की अगली सीमित ओवरों की सीरीज 17 अगस्त से बांग्लादेश दौरे पर प्रस्तावित है, जिसमें तीन T20 और तीन वनडे मैच खेले जाने थे. मगर बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखते हुए सीरीज पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने साफ किया कि भारत के खिलाफ इस व्हाइट-बॉल सीरीज को लेकर BCCI अब अपनी सरकार की मंजूरी का इंतजार कर रहा है. हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर सीरीज अगस्त-सितंबर में नहीं हो पाती है, तो आगे किसी अन्य उपयुक्त समय पर जरूर आयोजित की जाएगी.
टॉफेल को बड़ी जिम्मेदारी
इस बीच एक और अहम फैसले में, BCB ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर साइमन टॉफेल को बांग्लादेश में अंपायरिंग शिक्षा कार्यक्रम का नेतृत्व करने के लिए तीन साल के अनुबंध पर नियुक्त करने की तैयारी पूरी कर ली है.
read more: क्रिकेट में समय की पाबंदी अब और सख्त: देरी से ओवर डालने पर 5 रन की सीधी पेनल्टी
BPL का नया चक्र
BCB ने घोषणा की कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) का अगला संस्करण दिसंबर-जनवरी के बीच होगा, और इस बार इसके आयोजन की जिम्मेदारी एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को सौंपी जाएगी. साथ ही, फ्रेंचाइजियों को पांच साल के अनुबंध पर फिर से शामिल किया जाएगा, जिससे टूर्नामेंट का नया चक्र शुरू होगा.












