झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और उनकी पत्नी, पूर्व विधायक निर्मला देवी की गिरफ्तारी को लेकर Congress पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि दोनों नेता भूमि अधिग्रहण कानून के मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से धरना दे रहे थे, ऐसे में उनकी गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण है।
भूमि अधिग्रहण और मुआवजे का मुद्दा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब तक NTPC यहां नहीं आया था, तब तक स्थानीय लोग संतुष्ट थे, लेकिन परियोजना शुरू होने के बाद ग्रामीणों की जमीन चली गई और उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल प्रभाव से दोनों नेताओं को रिहा किया जाए।
Congress के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या जिला प्रशासन ने 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून का सही तरीके से पालन किया है या नहीं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई थी, लेकिन उसकी रिपोर्ट अब तक स्पष्ट रूप से सामने नहीं आई है।
प्रशासन पर उठे सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से पारदर्शिता बरतने की मांग की और कहा कि यदि किसानों और प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिला तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी।












