Ranchi: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से 13 सितंबर तक सिमडेगा में आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप का रविवार को भव्य समापन हुआ। अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 16 दिनों तक चली प्रतियोगिता में 58 टीमों के बीच कुल 128 मैच खेले गए, जिनमें 492 गोल हुए।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में महिला और पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग में COE सिमडेगा ने लिटिल टाइगर को 5-3 से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। लिटिल टाइगर पिछले छह वर्षों से लगातार फाइनल में पहुंच रही है और इस बार उपविजेता रही। तीसरे स्थान के मुकाबले में आदिवासी हॉस्टल ‘A’ ने पुलिस केंद्र सिमडेगा को 4-2 से हराया।
COE सिमडेगा ‘A’ लगातार तीसरी बार चैंपियन बनी
महिला वर्ग में COE सिमडेगा ‘A’ ने STC सिमडेगा को 5-3 से हराकर लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में संत जेवियर उच्च विद्यालय, बरवाडीह ने लोंबोई को 2-1 से हराया।
पुरुष फाइनल की शुरुआत विधायक भूषण बाड़ा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की। महिला फाइनल का शुभारंभ एसडीएम सुमन तिर्की ने किया।
समापन समारोह में एसडीएम सुमन तिर्की और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशीला लकड़ा ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
फ्लैबियस तिर्की को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया
महिला वर्ग में अनुप्रिया एक्का और पुरुष वर्ग में फ्लैबियस तिर्की को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। रितिका डुंगडुंग और धनेश्वर मांझी को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। बेस्ट गोलकीपर रश्मि समद और अरुण सोय, बेस्ट डिफेंडर सीता कुमारी और विनय कुजूर, बेस्ट मिडफील्डर सबीना टोपनो और सुमित बरवा तथा बेस्ट फॉरवर्ड राजमनी कुमारी और सुमन सोरेंग रहे।
एसडीएम सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों के साथ है और उन्हें लगातार अभ्यास करते रहना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए देश के लिए खेलने की उम्मीद जताई।
58 टीमों की भागीदारी और 128 मैचों के साथ यह प्रतियोगिता ऐतिहासिक रही
विधायक भूषण बाड़ा ने सिमडेगा को हॉकी की नर्सरी बताते हुए खेल को आगे बढ़ाने में अपने सहयोग का भरोसा दिया। हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि 58 टीमों की भागीदारी और 128 मैचों के साथ यह प्रतियोगिता ऐतिहासिक रही।
समापन समारोह में आयोजन से जुड़े तकनीकी, मेडिकल, पुलिस, खेल विभाग और मीडिया टीम के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









