Jharkhand News: हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बूंद पंचायत अंतर्गत बूंद गांव में रविवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय रूपलाल करमाली, पिता करमा करमाली के रूप में हुई है। रूपलाल बूंद मंडा पूजा में भगत पुजारी का कार्य करते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार की रात करीब 12 बजे अपराधी छत के रास्ते रूपलाल के घर में घुसे और उन पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां दाग दीं। गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घर वालों ने गोलियों की आवाज सुनी तो हड़बड़ाकर बाहर आए, जहां रूपलाल को खून से लथपथ देखकर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। सोमवार सुबह हत्या की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
पुलिस ने बताया कि हत्या किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। अज्ञात अपराधियों का सुराग लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है












