रांची जिले में “अबुआ आवास योजना” के तहत शनिवार को 3533 लाभुकों ने अपने नए घरों में गृह प्रवेश किया. जिले के सभी 18 प्रखंडों में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरीय पदाधिकारियों ने लाभुकों को घरों की चाबी सौंपी.
नगड़ी प्रखंड के साहेर पंचायत में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने लाभुक अजय नायक के घर पहुंचकर गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल हुए. इस मौके पर उन्होंने अन्य लाभुकों को भी जल्द घर पूरा करने का आग्रह किया ताकि उन्हें भी गृह प्रवेश कराया जा सके.
अब तक रांची जिले में 13065 लाभुकों को पहली, 11724 को दूसरी और 8468 को तीसरी किस्त का भुगतान किया जा चुका है.
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने “मंईयां सम्मान योजना” के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी और बताया कि अब तक 3051 लाभुकों के बीच चूजे व 350 के बीच बकरियों का वितरण हो चुका है.
उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली और किसी भी समस्या के लिए “अबुआ साथी” हेल्पलाइन (9430328080) से संपर्क करने का आग्रह किया.












