Dhanbad: ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 66.75 लीटर बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कुल कीमत करीब 20,460 रुपये बताई गई है। हालांकि, मौके से किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
आरपीएफ के अनुसार, 5 सितंबर की रात अपराध नियंत्रण एवं निगरानी के दौरान गाड़ी संख्या 13051 के धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर करीब 1:36 बजे पहुंचने के बाद पीछे के जनरल कोच की जांच की गई। सीट के नीचे तीन पिट्ठू बैग और दो प्लास्टिक के थैले संदिग्ध अवस्था में मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी सामान पर अपना दावा नहीं किया।
बरामद शराब पर ‘फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली’ लिखा था
जांच करने पर बैग और थैलों से हायवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर, किंगफिशर बीयर, रॉयल स्टैग व्हिस्की और मैजिक मोमेंट्स वोडका बरामद हुई। बरामद शराब पर ‘फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली’ अंकित था। आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में सुबह 3:30 बजे शराब जब्त कर ली।
आरपीएफ के उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार द्वारा लिखित शिकायत के साथ जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा। कार्रवाई में आरपीएफ के अधिकारी व जवान शामिल थे।










