Dhanbad: धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता की पहचान कायम की है। फेम इंडिया–एशिया पोस्ट की ओर से देश के प्रमुख पुलिस अधिकारियों को लेकर जारी सूची में धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को देश के टॉप-25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों में स्थान मिला है। खास बात यह है कि इस सूची में झारखंड से प्रभात कुमार एकमात्र पुलिस अधिकारी हैं।
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट के सर्वेक्षण में कानून-व्यवस्था प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, नेतृत्व क्षमता, जनहितैषी पुलिसिंग, निर्णय लेने की क्षमता, नवाचार, संकट प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण और जनता के बीच विश्वास जैसे विभिन्न मानकों को आधार बनाया गया। इससे पहले जारी देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की सूची में भी प्रभात कुमार का नाम शामिल था। दूसरे चरण में इन्हीं चयनित अधिकारियों में से 25 प्रमुख पुलिस अधिकारियों का चयन किया गया है।
झारखंड से पांच आईपीएस अधिकारियों का चयन
एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस की ओर से अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, साइबर अपराध के खिलाफ अभियान, यातायात व्यवस्था में सुधार, लंबित मामलों के निष्पादन और पुलिस-पब्लिक समन्वय को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के साथ जनसहभागिता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट की 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों की पहली सूची में झारखंड से पांच आईपीएस अधिकारियों का चयन हुआ था। इनमें प्रभात कुमार के अलावा अनुदीप सिंह, हृदीप पी. जनार्दन, डॉ. बिमल कुमार और श्रीकांत सुरेशराव कोत्रे शामिल थे। अब टॉप-25 में झारखंड से केवल प्रभात कुमार का नाम शामिल होना धनबाद पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।










