National News– Spice Jet की गोवा से पुणे जा रही एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब उड़ान के दौरान विमान की एक खिड़की का कॉस्मेटिक फ्रेम ढीला होकर निकल गया. हालांकि एयरलाइन ने यात्रियों की सुरक्षा पर किसी खतरे से इनकार करते हुए इसे सतही तकनीकी खामी बताया है.
उड़ान के दौरान उखड़ा खिड़की का फ्रेम
यह घटना Spice Jet के Q400 विमान में हुई. उड़ान के बीच में ही एक यात्री ने देखा कि खिड़की का आंतरिक फ्रेम ढीला हो गया है. उसने इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद इस घटना को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई.
Spice Jet ने दी सफाई: यात्रियों की सुरक्षा पर कोई असर नहीं
एयरलाइन ने इस मुद्दे पर सफाई देते हुए कहा कि Q400 विमान में बहुस्तरीय खिड़कियां होती हैं, जिनमें मजबूत और दबाव-सहिष्णु बाहरी शीशा शामिल होता है. इस तरह की सतही गड़बड़ी से विमान की सुरक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता.
Spice Jet ने यह भी जानकारी दी कि पुणे पहुंचने के बाद विमान का निरीक्षण किया गया और मानक प्रक्रिया के तहत खिड़की के ढीले फ्रेम को ठीक कर दिया गया.
read more- रांची को आज मिलेगा रातू रोड फ्लाईओवर का तोहफा,जानें इसकी खासियतें..
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जाने लगे. एक यात्री ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “आज गोवा से पुणे जा रही Spice Jet की फ्लाइट में उड़ान के बीच खिड़की का पूरा ढांचा गिर गया. अब यही विमान जयपुर के लिए उड़ान भरने वाला है. क्या यह विमान उड़ान के लिए सुरक्षित है?”
यात्री ने अपने पोस्ट में DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) को टैग करते हुए इस घटना की जांच की मांग की.













